महानवमी पर सीएम आवास में कन्या पूजन, सीएम सम्राट चौधरी ने बच्चियों के पांव पखारकर कराया भोजन

पटना। महानवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को धार्मिक अनुष्ठान और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधि-विधान से हवन के बाद कन्याओं का पूजन किया और अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा। मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों ने भी इस आयोजन में सहयोग किया।

मुख्यमंत्री ने कन्याओं के पांव पखारकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई और पूजा-अर्चना की। इसके बाद बच्चियों को भोजन कराया गया। उन्होंने इस आयोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

बेटियों के सम्मान का लिया संकल्प

महानवमी के मौके पर जारी अपने संदेश में सम्राट चौधरी ने मां सिद्धिदात्री से प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि हमें महिलाओं के सम्मान और बेटियों को समान अवसर देने का संदेश भी देती है। साथ ही विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।

पूजा पंडालों में भी पहुंचे सीएम

कन्या पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने पटना के कई पूजा स्थलों का दौरा किया। उन्होंने डाकबंगला चौराहा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए और बांस घाट स्थित काली मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहारवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव तारापुर पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पूजा समिति, कहुआ की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में विजेता झारखंड एफसी की टीम को ट्रॉफी प्रदान की। बाद में उन्होंने मुंगेर के संग्रामपुर, नवगाई और मनियां स्थित दुर्गा मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।

TWM News Bihar | पटना डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *