मुजफ्फरपुर अस्पताल में भीषण अग्निकांड: ICU में लगी आग, कई मरीजों की मौत, लापता होने की आशंका

प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में तड़के लगी आग, 20 मरीज थे भर्ती; शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

मुजफ्फरपुर, बिहार | 
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 2 से 3 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मरीजों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के पांचवें फ्लोर पर बने आईसीयू वार्ड में सुबह करीब 3:55 बजे हुआ। घटना के समय आईसीयू में लगभग 20 मरीज भर्ती थे। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लगभग 15-20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ मरीजों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *