लखनऊ में BJP की अहम बैठक, नितिन नवीन और सीएम योगी ने नेताओं संग बनाई रणनीति
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए सहयोगियों के साथ संवाद किया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पकड़ बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति को धार देने पर विशेष जोर दिया गया।
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि नई राज्य टीम के गठन के बाद नितिन नवीन की यह पहली यूपी यात्रा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व राज्य में संगठन की स्थिति का आकलन कर रहा है और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी के लिए दिशा-निर्देश दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन विभिन्न बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद करेंगे तथा ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित कर जमीनी स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने का संदेश देंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है, जिससे पार्टी संगठन को एकजुट कर 2027 के चुनाव में मजबूत प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।