वैशाली की सभा से एनडीए नेताओं ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां, रोजगार और निवेश को बताया बिहार की नई पहचान

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के योगदान को सराहा, सीएम सम्राट चौधरी बोले- 2036 तक समृद्ध बिहार बनाने का संकल्प

वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान शनिवार को वैशाली के जाफरपट्टी में आयोजित जनसभा में एनडीए के नेताओं ने राज्य में विकास, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में हुए कार्यों को प्रमुखता से रखा। नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिहार की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार अब घोटालों के बजाय निवेश और विकास परियोजनाओं को लेकर चर्चा में है।

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के योगदान को सराहा

प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने छह लेन के पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को नीतीश कुमार के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में नीतीश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ राज्य को आगे बढ़ा रही है।

सम्राट चौधरी ने बताया 2036 का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले जनादेश के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ 2036 तक समृद्ध बिहार बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने नीतीश सेतु को राज्य के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

विजय चौधरी ने नीतीश के कार्यकाल का किया उल्लेख

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में आधारभूत संरचना के विकास की मजबूत नींव रखी है। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से राज्य को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इसी आधार पर विकास की नई इमारत खड़ी कर रही है।

दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों का दावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले एक वर्ष में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव और समझौते हुए हैं। उन्होंने बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार और पटना समेत सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। नीतीश सेतु के लोकार्पण के साथ बिहार में कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *