व्हाइट हाउस डिनर में चली गोलियां, हड़कंप के बीच सुरक्षित निकाले गए Donald Trump
वॉशिंगटन, एजेंसी।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump समेत कई शीर्ष नेताओं को तत्काल सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घटना उस समय हुई जब डिनर कार्यक्रम चल रहा था और सैकड़ों पत्रकार व अतिथि मौजूद थे। अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही लोग टेबल के नीचे छिप गए और सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
बताया जा रहा है कि एक हमलावर ने सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश करते हुए फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसे काबू कर लिया गया। इस दौरान एक सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई।
घटना के बाद सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति सहित सभी प्रमुख नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में Donald Trump ने कहा कि सभी शीर्ष अधिकारी सुरक्षित हैं और कानून-व्यवस्था एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई की।
इस घटना के बाद कार्यक्रम को बीच में ही रद्द कर दिया गया और इलाके में भारी सुरक्षा तैनात कर दी गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।