असम एयरबेस पर वायुसेना का विमान हादसे का शिकार, 5 जवानों का बलिदान

अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

जोरहाट (असम):
भारतीय वायुसेना के लिए शनिवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ, जब असम के जोरहाट एयरबेस पर एक सैन्य विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों का बलिदान हो गया, जबकि एक अधिकारी घायल बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायुसेना का एएन-32 (AN-32) परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही आग लग गई।

घटना के तुरंत बाद एयरबेस पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। दमकल विभाग और वायुसेना के जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सह-पायलट को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

वायुसेना ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन तकनीकी खराबी या लैंडिंग के दौरान आई समस्या को संभावित वजह माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *