छपरा मेडिकल कॉलेज में MBBS के पहले बैच की शुरुआत, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह
50 सीटों पर नामांकन और पढ़ाई के संचालन को मिली अनुमति, व्हाइट कोट पहनकर विद्यार्थियों ने लिया मानव सेवा का संकल्प
छपरा। छपरा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में गुरुवार को चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत हुई। शैक्षणिक सत्र 2026 के नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘ओरिएंटेशन, ओथ एंड व्हाइट कोट सेरेमनी’ में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में नई यात्रा शुरू करने पर शुभकामनाएं दीं।
व्हाइट कोट केवल पोशाक नहीं, सेवा का संकल्प
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि व्हाइट कोट धारण करना महज चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा, करुणा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल एक करियर नहीं, बल्कि मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी है।
50 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन को मिली अनुमति
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि छपरा के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 50 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन और संचालन की अनुमति प्राप्त हुई है। यह सारण और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि बिहार के अधिक से अधिक युवाओं को राज्य में ही बेहतर चिकित्सा शिक्षा मिल सके।
आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों में दक्ष होंगे विद्यार्थी
मंत्री ने उम्मीद जताई कि नवप्रवेशित विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से कुशल चिकित्सक बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि भविष्य में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह समारोह उनके चिकित्सकीय जीवन की औपचारिक शुरुआत और सेवा-संवेदनशीलता के मूल्यों को अपनाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।