बिहार में दूरसंचार व्यवस्था होगी और मजबूत, सीएम सम्राट चौधरी से मिले केंद्रीय मंत्री सिंधिया

आधुनिक संचार सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर हुई चर्चा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी रहे मौजूद

पटना। बिहार में दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार और संचार व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के बीच सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पटना में मुलाकात की। इस दौरान राज्य में दूरसंचार क्षेत्र के विकास, आधुनिक संचार सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

यह मुलाकात मुख्यमंत्री के सरकारी आवास लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई। बैठक में बिहार में संचार सेवाओं के विस्तार के साथ दूरसंचार क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से आधुनिक तकनीक और बेहतर संचार नेटवर्क के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति देने के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा, जनकल्याण और राज्य के उज्ज्वल भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के विचारों को जानना सुखद रहा।

इस मुलाकात को बिहार में दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार और केंद्र-राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *