जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, युवाओं की परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुंकार”
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले युवाओं का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया, जो खासतौर पर इस आंदोलन के लिए विदेश से भारत लौटे हैं।
यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से देश में लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
बताया जा रहा है कि यह आंदोलन सोशल मीडिया से शुरू होकर तेजी से एक बड़े युवा अभियान में बदल गया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने कम समय में लाखों युवाओं का समर्थन हासिल कर लिया है, जो बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों से नाराज़ हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन से पहले पार्टी की ओर से समर्थकों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे, जिसमें तिरंगा लेकर आने, शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।
Pic Credit – PTI