जनरल धीरज सेठ बने भारतीय सेना के 31वें प्रमुख

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

नई दिल्ली। भारतीय सेना को नया नेतृत्व मिल गया है। जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को देश के 31वें थलसेना प्रमुख  के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लिया, जो अपने कार्यकाल के पूर्ण होने के बाद सेवानिवृत्त हो गए।

करीब चार दशक के लंबे सैन्य अनुभव के साथ जनरल सेठ ऐसे समय में सेना की कमान संभाल रहे हैं, जब भारतीय सेना आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है।

जनरल धीरज सेठ आर्मर्ड कोर से आते हैं और इस शाखा से लंबे अंतराल के बाद किसी अधिकारी को सेना प्रमुख बनाया गया है। उन्होंने अपने करियर में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिनमें रेगिस्तानी क्षेत्र में आर्मर्ड रेजिमेंट की कमान, पश्चिमी मोर्चे पर ब्रिगेड नेतृत्व और जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी ऑपरेशन शामिल हैं।

विशेष बात यह है कि उन्होंने पाकिस्तान सीमा से सटे दो अहम सैन्य कमांड का नेतृत्व भी किया है, जिससे उनकी रणनीतिक और संचालन क्षमता का अंदाजा लगाया जाता है।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि जनरल सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना तकनीकी एकीकरण, थिएटर कमांड और आधुनिक युद्ध रणनीतियों की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ेगी।

जनरल उपेंद्र द्विवेदी के कार्यकाल में शुरू हुई सैन्य सुधारों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना अब जनरल सेठ की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के बीच उनकी नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

देश की 13 लाख से अधिक सैनिकों वाली विशाल सेना अब एक अनुभवी और तकनीक-समझ रखने वाले नेतृत्व के हाथों में है, जिससे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *