दिल्ली के साकेत में इमारत ढही: 12 लोगों को बचाया गया, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक इमारत गिरने की बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक व्यावसायिक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरा ढांचा मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। घटनास्थल पर टूटे कंक्रीट, लोहे के ढांचे और मलबे के बीच बचाव दल लगातार खोज अभियान चला रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, बचाए गए 12 लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, प्रारंभिक आकलन में यह संकेत मिला है कि फिलहाल और लोगों के फंसे होने की संभावना कम है, फिर भी एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है।
बताया जा रहा है कि यह इमारत कोचिंग संस्थान, कैफे और दफ्तरों के रूप में इस्तेमाल हो रही थी और हादसे के समय यहां कई छात्र मौजूद थे। इमारत के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिसे हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है।
राहत कार्य में एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से लगी हुई हैं। मलबे में फंसे लोगों को खोजने के लिए आधुनिक उपकरणों और स्निफर डॉग्स की मदद ली जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। स्थानीय लोग भी शुरुआती राहत कार्य में जुट गए थे और बाद में बचाव दल ने मोर्चा संभाला।
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि इमारत के निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था।
फिलहाल पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लोगों की नजरें बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं।