बिहार में बारिश का दौर जारी, तीन जिलों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट

पटना, 26 सितंबर। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने 27 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पटना समेत इन जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार पटना, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान और वैशाली में भी भारी वर्षा होने की संभावना है। बारिश के कारण इन इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

झंझारपुर और परबत्ता में 68.8 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे में बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मधुबनी के झंझारपुर और खगड़िया के परबत्ता में 68.8-68.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोजपुर में 68 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली।

अगले दिनों में तापमान को लेकर क्या है अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो रहा है। अगले दो दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

वज्रपात को लेकर सावधानी की अपील

मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। भारी बारिश और तेज हवा के दौरान भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *