बिहार में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट, 17 जिलों में प्रशासन सतर्क; NDRF-SDRF अलर्ट

पटना, 26 सितंबर। नेपाल के तराई और जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के पूर्वानुमान के बीच बिहार में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

17 जिलों के DM के साथ समीक्षा

बैठक में गंडक, बागमती और कोसी नदी से जुड़े 17 संवेदनशील जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इनमें सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं।

तटबंधों और नदियों पर 24 घंटे नजर

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को नदियों के जलस्तर और बहाव की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। तटबंधों, निचले इलाकों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों की भी नियमित निगरानी करने को कहा गया है। संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

NDRF-SDRF अलर्ट, नाव और रेस्क्यू उपकरण तैयार

संभावित बाढ़ या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील जिलों में नाव, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरण पर्याप्त संख्या में तैयार रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जा सके।

कोसी का जलस्तर घटा, लेकिन सतर्कता जारी

अधिकारियों के अनुसार कोसी नदी का जलस्तर फिलहाल घट रहा है, लेकिन इसके आसपास के जिलों में सतर्कता बरकरार रखने को कहा गया है। वहीं नेपाल में बारिश के कारण गंडक और कोसी में जलप्रवाह बढ़ने की आशंका बनी हुई है। जल संसाधन विभाग ने संवेदनशील तटबंधों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070

प्रशासन ने संभावित प्रभावित इलाकों में माइकिंग के जरिए लोगों को पहले से चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा है। सरकार ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *