16वें दिन भी जारी CJP का प्रदर्शन, भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक का 6 किलो वजन कम
नई दिल्ली, 5 जुलाई: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन रविवार को 16वें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आठवां दिन पूरा हो गया है, जिसमें उनका करीब 6 किलोग्राम वजन कम हो चुका है।
डॉक्टरों द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार वांगचुक का ब्लड प्रेशर 112/70 mmHg, हृदय गति 72 प्रति मिनट और ब्लड शुगर 67 mg/dL दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी हाइड्रेशन स्थिति फिलहाल संतोषजनक है और वे मानसिक रूप से सतर्क हैं, हालांकि वजन घटकर लगभग 60.95 किलोग्राम रह गया है।
यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। CJP का आरोप है कि लगातार परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों और उनके परिवारों को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
प्रदर्शन के दौरान NEET परीक्षा से जुड़े एक अभ्यर्थी की मौत का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के अनुसार, मृतक छात्रा के परिजनों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर न्याय और जवाबदेही की मांग की।
गौरतलब है कि यह आंदोलन 20 जून से शुरू हुआ था, जिसे छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों का समर्थन मिल रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने भी इस आंदोलन के समर्थन में 7 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचने की घोषणा की है।
वहीं, जंतर-मंतर पर अलग मंच से कई छात्र संगठन भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इस दौरान कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ने की खबर भी सामने आई है, जिससे आंदोलन की गंभीरता और बढ़ गई है।