29 एजेंडों पर मुहर, विकास योजनाओं को मिली रफ्तार
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना, बुधवार। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में कुल 29 एजेंडों को मंजूरी प्रदान की गई। इस बैठक में राज्य के विकास, पर्यटन, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए, जिनसे आने वाले समय में प्रदेश की विकास गति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसलों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना प्रमुख रही। इसके तहत राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ते हुए हेली-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही पटना में हेलीकॉप्टर जॉयराइड सेवा भी शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिससे आम लोग भी राजधानी का हवाई दृश्य देख सकेंगे।
बैठक में तीर्थयात्रियों के लिए विशेष वित्तीय सहायता योजना को भी मंजूरी दी गई है, जिसके तहत प्रति यात्री आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा होमस्टे प्रोत्साहन योजना के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
कैबिनेट ने भूमि खरीद नीति में बदलाव करते हुए राज्य में नए टाउनशिप विकसित करने का रास्ता भी साफ किया है। वहीं खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी में सीधी भर्ती के नियमों में संशोधन कर युवाओं को बेहतर अवसर देने का प्रयास किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनमें भर्ती नियमों में बदलाव, सुरक्षा बलों के लिए जमीन आवंटन तथा न्यायिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नए पद सृजित करने जैसे निर्णय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नदियों में बालू की उपलब्धता के अध्ययन के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है, जिससे खनन नीति को वैज्ञानिक आधार मिल सकेगा।
कैबिनेट के इन फैसलों को राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो रोजगार, पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में सहायक साबित हो सकते हैं।