एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में दीपोत्सव की चमक, रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने बिखेरी रचनात्मकता

सिमराही : दीपों के पर्व दीपावली को स्वागत करते हुए सिमराही नगर पंचायत स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल में शुक्रवार को दीपावली उत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे दीपों, फूलों और रंगोलियों से सजा हुआ नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “पर्यावरण संरक्षण”, “आत्मनिर्भर भारत”, “पृथ्वी बचाओ”, “बाल श्रम उन्मूलन” और “सोशल मीडिया एडिक्शन” जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचारों को रंगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता और प्राचार्य किसलय रवि ने कार्यक्रम का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। चेयरमैन महादेव मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि “दीपावली का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। हमें इस त्योहार से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को फैलाना चाहिए।”

प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय की सफलता में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का संयुक्त प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा, “दीपावली केवल दीप जलाने का नहीं बल्कि ज्ञान और मानवता के प्रकाश फैलाने का पर्व है।”

प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों को अपनी सोच को अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक गौरव कुमार, सुबंती लामा, पप्पू कुमार, सुधांशु वर्मा, शिव शंकर मेहता, सुमन झा, रमेश मुखिया और शंकर कुमार सहित विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी को सुरक्षित एवं पर्यावरण हितैषी दीपावली मनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर देर तक दीपों की रोशनी और बच्चों की मुस्कान से जगमगाता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *