मां काली मंदिर में दीपोत्सव की भव्य तैयारी, रंगीन कांच की सजावट बनी आकर्षण का केंद्र

श्री श्री 108 महामाया शक्तिधाम मंदिर इस वर्ष दीपावली पर भक्तिमय रंग में रंग चुका है। मां काली की विशेष पूजा-अर्चना के लिए पूरे परिसर को जयपुर के कुशल कलाकारों द्वारा रंगीन कांचों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

हर सुबह और शाम मंदिर में सैकड़ों भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु लक्ष्मी देवी, उर्मिला देवी, मंजू देवी, दिनेश साह, आशीष और गुड्डू ने बताया कि माता के परम भक्त महेश संघई जी के सहयोग से मंदिर के प्रांगण में शीशे का जो कार्य हुआ है, उसने मंदिर की भव्यता को और भी निखार दिया है। अब यह मंदिर पूरे जिले में अपनी अनोखी कलाकारी और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध हो गया है।

मंदिर के अध्यक्ष जयशंकर शर्मा, मंत्री गिरधर संघई, पूजा प्रभारी सुजीत संघई, राजकुमार शर्मा और योगेश अग्रवाल ने बताया कि लगभग 50 से 60 वर्ष पूर्व दीपावली के अवसर पर मां काली की प्रतिमा मंदिर के सामने मैदान में स्थापित की जाती थी। भक्तों की श्रद्धा और सहयोग से अब यहां एक भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, जिसमें मां काली, मां दुर्गा, राम दरबार और शिवालय की मूर्तियाँ स्थापित हैं। यहां वर्षभर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होते रहते हैं।

मंदिर के पुरोहित ओम प्रकाश पांडे ने जानकारी दी कि दीपावली के दिन मां काली की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी। इस अवसर पर सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।

भक्तों का मानना है कि महामाया शक्तिधाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का संगम स्थल है, जहां मां काली की कृपा से हर मनोकामना पूर्ण होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *