टिकट नहीं मिलने पर आरजेडी नेता फूट-फूटकर रोए, लगाया करोड़ों की मांग का आरोप
पटना, संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के बीच पटना में शनिवार को राबड़ी देवी के 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरजेडी के पूर्व प्रत्याशी मदन शाह अचानक पार्टी दफ्तर के बाहर फूट-फूटकर रोने लगे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने उनसे टिकट दिलाने के एवज में 2 करोड़ 70 लाख रुपये की मांग की थी।
मदन शाह, जो 2020 के विधानसभा चुनाव में मधुबन से आरजेडी प्रत्याशी रह चुके हैं, ने मीडिया के सामने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने उनके समर्पण और मेहनत का गलत फायदा उठाया है। उन्होंने कहा, “मैंने पार्टी के लिए वर्षों तक काम किया, मगर अब टिकट के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। यह आरजेडी नहीं, अब व्यापारी दल बन गया है।”