सीवान में गरजे योगी आदित्यनाथ: बोले – बिहार में भी बनेगी डबल इंजन की सरकार, जनता से एनडीए प्रत्याशी को जिताने की अपील
सीवान : बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। राजपुर खेल मैदान में उमड़ी भारी भीड़ ने ‘जय श्री राम’ और ‘डबल इंजन की सरकार’ के नारों से माहौल गूंजा दिया।
सीएम योगी के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं की भीड़ में कई समर्थक बुलडोजर लेकर पहुंचे, जो योगी की सख्त प्रशासनिक छवि का प्रतीक बन चुका है। मंच पर पहुंचते ही योगी आदित्यनाथ ने जनता का अभिवादन किया और कहा कि बिहार में एनडीए की जीत ही विकास और सुरक्षा की गारंटी है।
उन्होंने अपने भाषण में कहा, “उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने विकास और कानून व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। अब समय आ गया है कि बिहार भी उसी राह पर आगे बढ़े। जब दिल्ली और पटना दोनों जगह एनडीए की सरकार होगी, तभी राज्य का सर्वांगीण विकास संभव है।”
योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिनके शासन में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था, वे अब विकास की बात कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे जाति और धर्म से ऊपर उठकर उस गठबंधन को वोट दें जो “विकास, सुरक्षा और सम्मान” की राजनीति करता है।
सभा में मौजूद भीड़ ने तालियों और नारों से योगी आदित्यनाथ के हर वाक्य का स्वागत किया। अंत में उन्होंने रघुनाथपुर विधानसभा के एनडीए उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि योगी की सभा से चुनावी माहौल में नई ऊर्जा आई है और जनता अब एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए उत्साहित है।