ढाका में राणा रंजीत के समर्थन में गरजे, बोले – “ना नीतीश का जंगलराज, ना तेजस्वी का, अब बदलेगा बिहार”

मोतिहारी  : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मंगलवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मोतिहारी जिले के ढाका विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी राणा रंजीत सिंह के समर्थन में जोरदार जनसभा की। ढाका के मैदान में उमड़ी भारी भीड़ ने ओवैसी के भाषण पर उत्साह से तालियां बजाईं। सभा में मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी उपस्थिति देखी गई।

ओवैसी ने मंच से एनडीए और महागठबंधन दोनों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बिहार को अब 15 साल के तेजस्वी राज और 20 साल के नीतीश राज से बाहर निकालने का वक्त आ गया है। दोनों ने सिर्फ नाम बदले हैं, हालात नहीं।”

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा, “तेजस्वी एम-वाई समीकरण की बात करते हैं, लेकिन मुस्लिमों को टिकट देने में 17 प्रतिशत आबादी को सिर्फ दिखावा मिलता है। जब सत्ता की बात आती है तो हमारे हिस्से सिर्फ वादे आते हैं, हक नहीं।”

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला करते हुए कहा, “SIR के बाद सिर्फ दो घुसपैठियों की पहचान हुई, लेकिन अमित शाह और मोदी कहते हैं कि देश में घुसपैठी घुस गए। जो चूहे तक पकड़ नहीं पाए, वो देश के रखवाले कैसे?” ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा, “ओवैसी चूहों का शिकार नहीं करता, वह सच बोलने का काम करता है।”

सभा में मौजूद भीड़ बार-बार “ओवैसी ज़िंदाबाद” और “राणा रंजीत सिंह आगे बढ़ो” के नारे लगा रही थी। मंच से ओवैसी ने लोगों से अपील की कि वे इस बार ढाका से AIMIM को मौका दें और राणा रंजीत सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएं।

बताते चलें कि बिहार चुनाव में इन दिनों ढाका विधानसभा सीट के प्रत्याशी श्री राणा रंजीत सिंह अपने अनोखे अंदाज़ और जनता से गहरे जुड़ाव के कारण सुर्खियों में हैं। स्थानीय लोग उन्हें युवा और जमीनी नेता के रूप में देख रहे हैं, जिनके समर्थन में लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

 

Report by – Shivanshu Singh Satya 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *