“वोट के लिए नाचेंगे मोदी,” राहुल गांधी का बिहार में तीखा हमला
मुजफ्फरपुर से तेजस्वी संग संयुक्त रैली में बोले कांग्रेस सांसद, कहा- जनता की तकलीफों से बेखबर है केंद्र और राज्य की सरकार
मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन की पहली संयुक्त रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “नरेंद्र मोदी वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं।”
राहुल गांधी ने मंच से तंज कसते हुए कहा, “अगर आप कहेंगे कि मोदी जी वोट के लिए नाचिए, तो वे मंच पर नाचने लगेंगे।” उनके इस बयान पर भीड़ ने तालियों और नारों से स्वागत किया। गांधी ने कहा कि आज देश में सत्ता का नशा इतना चढ़ चुका है कि जनता की तकलीफें न तो दिल्ली में सुनी जा रही हैं, न पटना में।
उन्होंने छठ पर्व का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष किया, “जब दिल्ली में लोग प्रदूषित यमुना में डुबकी लगाकर भगवान से प्रार्थना कर रहे थे, तब मोदी जी अपने स्विमिंग पूल में स्नान कर रहे थे। उन्हें न तो यमुना की चिंता है, न छठ पर्व की भावना का एहसास।”
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की सरकार अब जनता के ‘रिमोट कंट्रोल’ से नहीं, दिल्ली के इशारों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी, तो जनता का राज लौटेगा और रोजगार व महंगाई जैसे मुद्दों पर ठोस काम होगा।
तेजस्वी यादव ने भी मंच से कहा कि “बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है। महागठबंधन ही राज्य को बेरोजगारी और पलायन की समस्या से मुक्त कर सकता है।”
जैसे-जैसे चुनावी तारीख़ नज़दीक आ रही है, राज्य में सियासी गर्मी बढ़ती जा रही है। राहुल गांधी के इस तीखे हमले से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में एनडीए और महागठबंधन के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी और तेज़ होगी।
— रिपोर्ट: TWM News