रांची में इतिहास रचा: पहली बार ट्रांसजेंडर फैशन शो ने बिखेरा आत्मविश्वास का जादू

रांची (TWM News), : रांची में आयोजित ‘रिलायंस कार्निवल–2026’ के सातवें दिन एक अनूठा और यादगार कार्यक्रम देखने को मिला, जहाँ पहली बार ट्रांसजेंडर फैशन शो का आयोजन कर झारखंड में एक सकारात्मक और समावेशी संदेश दिया गया। यह फैशन शो ‘Pride and Elegance’ के नाम से आयोजित हुआ, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और समाज में समानता तथा आत्म-विश्वास का संदेश फैलाया।

फैशन शो में ट्रांसजेंडर मॉडल्स — जान्नत, मोना, मैहीरा, रोशनी, आरोही, ब्यूटी, त्रिशा और सखीका — ने अपने आत्म-विश्वास और प्रोफेशनल अंदाज़ के साथ रनवे पर परेड की। उनके स्टाइलिश वॉक ने न सिर्फ फैशन की दुनिया में उनका आत्म-विश्वास दिखाया बल्कि रूढ़ियों को तोड़ने का साहस भी बखूबी उजागर किया।

एक्वा वर्ल्ड ग्रुप के चेयरमैन, प्रद्युम्न शाह देव ने कहा कि यह पहल समाज में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की भूमिका को उजागर करने और उनके योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना था कि ट्रांसजेंडर समुदाय आज कई क्षेत्रों में योगदान दे रहा है और समाज को उनकी क्षमताओं को स्वीकारना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कोशिश संस्था, अर्गोरा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों द्वारा फैशन वॉक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों से भारी तालियाँ बटोरी। इन बच्चों को दीपा चौधरी (सारस निदेशक) ने मार्गदर्शन दिया और शो के अंत में सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।

फैशन शो के अलावा कार्निवल में बुलेट राजा सेल्फी प्रतियोगिता, डांस-ऑफ, क्रिएटिव चैलेंज, वॉइस मिस्ट्री हंट जैसी दिलचस्प प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई, जिसने उत्सव को रंगीन और जीवंत बना दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *