जमुई में रफ्तार का कहर: कोचिंग जा रही छात्रा को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद उग्र भीड़ ने थाने पर किया पथराव, पुलिस की फायरिंग
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
जमुई। जिले के खैरा बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने कोचिंग पढ़ने जा रही 10वीं की छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों का आक्रोश भड़क उठा और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया। उग्र भीड़ ने थाने पर पथराव किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
मृत छात्रा की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुस्कान गुरुवार सुबह अपने घर से कोचिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान खैरा पंचमंदिर के पास तेज गति से आ रहे बालू लदे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद छात्रा को करीब 15 फीट तक घसीटता चला गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और खैरा थाना पहुंचकर पथराव करने लगी। इस दौरान थाने परिसर में खड़े कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, वहीं कुछ सरकारी और निजी वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के उग्र रवैये को देखते हुए पहले लाठीचार्ज और फिर हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद धीरे-धीरे हालात पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खैरा बाजार में बालू लदे ट्रकों की तेज रफ्तार लंबे समय से समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मुस्कान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बाजार क्षेत्र में ट्रकों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े करता है।