नीस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का आगाज़: मोदी मैक्रों ने बढ़ाई भारत-फ्रांस टेक साझेदारी
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
नीस (फ्रांस):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को फ्रांस के नीस शहर में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का संयुक्त उद्घाटन किया। यह तीन दिवसीय वैश्विक नवाचार सम्मेलन भारत-फ्रांस के बीच तकनीकी सहयोग को मजबूत करने और भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
इस सम्मेलन में भारत के लगभग 120 नवोन्मेषक, 15 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थान, 500 से ज्यादा निवेशक, वेंचर कैपिटल फर्म, वैश्विक सीईओ और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों को साझा मूल्यों और भविष्य की समान दृष्टि पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि “भारत और फ्रांस का संबंध केवल हितों का नहीं, बल्कि विश्वास, नवाचार और प्रेरणा का भी है।”
प्रधानमंत्री ने भारत की तकनीकी प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि “नवाचार भारत के डीएनए में है” और अब भारत केवल तकनीक का उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर समाधान प्रदान करने वाला देश बन चुका है।
सम्मेलन में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, ऊर्जा, मैन्युफैक्चरिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी सहित 13 प्रमुख क्षेत्रों में नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने भी भारत के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की सराहना करते हुए कहा कि अब सवाल यह नहीं है कि भारत नवाचार करता है या नहीं, बल्कि यह है कि दुनिया भारत के साथ मिलकर कैसे नवाचार करेगी।
यह कार्यक्रम भारत-फ्रांस ‘ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ के तहत आयोजित किया गया है और इसे दोनों देशों के बीच तकनीकी साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा उनके यूरोप दौरे का हिस्सा है, जिसमें वे आगे अन्य वैश्विक मंचों पर भी भारत की तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करेंगे।