मॉस्को पर यूक्रेन का बड़ा ड्रोन हमला, तेल रिफाइनरी में लगी आग से हड़कंप
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
मॉस्को। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने राजधानी मॉस्को पर अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक को अंजाम दिया है। इस हमले में मॉस्को की प्रमुख तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया, जहां विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई।
बताया जा रहा है कि यह रिफाइनरी रूस की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है और राजधानी के ईंधन का बड़ा हिस्सा यहीं से मिलता है। हमले के बाद कई प्रोसेसिंग यूनिट्स में आग लगने की खबर है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इस हमले को रूस की ओर से जारी हमलों का जवाब बताया। उन्होंने कहा कि यदि यूक्रेन पर हमले जारी रहते हैं, तो रूस को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले के दौरान बड़ी संख्या में ड्रोन को मार गिराया गया, लेकिन कुछ ड्रोन सुरक्षा घेरे को भेदने में सफल रहे। मॉस्को के मेयर ने इसे राजधानी पर अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया है।
हमले का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। कई हवाई अड्डों पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा और कुछ इलाकों में आपात स्थिति जैसे हालात बन गए।
विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन अब रूस के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर उसकी युद्ध क्षमता को कमजोर करने की रणनीति अपना रहा है। लगातार हो रहे ऐसे हमले रूस की ईंधन आपूर्ति और अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा सकते हैं।