ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने दिया इस्तीफा, एंडी बर्नहैम के उत्तराधिकारी बनने की अटकलें तेज
लंदन: यूनाइटेड किंगडम (यूके) के प्रधानमंत्री Keir Starmer ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। बताया जा रहा है कि स्टारमर ने सोमवार सुबह King Charles III को अपने फैसले की जानकारी दे दी। यह निर्णय उन्होंने अपने आधिकारिक कंट्री रेजिडेंस ‘चेकर्स’ में सप्ताहांत के दौरान गहन विचार-विमर्श के बाद लिया।
स्टारमर का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब लेबर पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा था। हाल के स्थानीय चुनावों में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन और सांसदों के बढ़ते दबाव के बाद उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। अपने संबोधन में स्टारमर ने कहा कि वह पार्टी और देश के हितों को सर्वोपरि मानते हैं तथा नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करना चाहते हैं।
इस बीच, लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व ग्रेटर मैनचेस्टर मेयर Andy Burnham के लंदन पहुंचने के साथ ही उनके अगले प्रधानमंत्री बनने की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी में कोई बड़ा विरोध नहीं हुआ तो बर्नहैम जल्द ही लेबर पार्टी के नए नेता और ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
कीर स्टारमर ने जुलाई 2024 में लेबर पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाकर प्रधानमंत्री पद संभाला था। हालांकि पिछले कुछ महीनों में उनकी लोकप्रियता में गिरावट, आर्थिक चुनौतियों और पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों ने उनके नेतृत्व को कमजोर किया। उनके इस्तीफे के साथ ही ब्रिटेन में नए राजनीतिक दौर की शुरुआत होने जा रही है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न, TWM News