बाली ट्रिप रद्द, पासपोर्ट चोरी और मंगेतर का कातिलाना खेल पुणे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
शादी से पहले ही रची गई साजिश, प्रेमिका और उसके साथी ने मिलकर युवक को खाई में धकेला
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में सामने आया एक दिल दहला देने वाला मामला अब पूरी तरह से हत्या की साजिश के रूप में उजागर हो चुका है। शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान हादसा समझी जा रही युवक की मौत अब एक सुनियोजित हत्या निकली, जिसमें उसकी मंगेतर और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आई है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय केतन अग्रवाल के रूप में हुई है, जिसकी 18 जून को लोहगढ़ किले के पास खाई में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन बाद में पुलिस जांच ने पूरे मामले का रुख बदल दिया।
पासपोर्ट चोरी कर रद्द कराई बाली ट्रिप
जांच में सामने आया कि केतन और उसकी मंगेतर सिया गोयल शादी से पहले बाली में प्री-वेडिंग शूट के लिए जाने वाले थे। लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही केतन का पासपोर्ट गायब हो गया, जिसके कारण यह यात्रा रद्द हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह कोई संयोग नहीं बल्कि साजिश का हिस्सा था। आरोप है कि सिया ने ही पासपोर्ट छिपाया ताकि यात्रा रद्द हो जाए और वह आगे की योजना को अंजाम दे सके।
पहले भी हुई थीं हत्या की कोशिशें
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि हत्या से पहले कई बार केतन को मारने की कोशिश की गई थी। आरोपियों ने सही मौके का इंतजार किया और अंततः लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान अपनी योजना को अंजाम दिया।
किले पर रची गई अंतिम साजिश
घटना वाले दिन सिया ने जन्मदिन के बहाने केतन को किले पर बुलाया। वहीं पहले से मौजूद उसके प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर दोनों ने केतन को खाई में धक्का दे दिया और इसे हादसा बताने की कोशिश की।
CCTV और तकनीकी सबूतों से खुला राज
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया। एक संदिग्ध युवक का पीछा करते हुए दिखना और घटनास्थल पर मौजूद होना जांच में अहम सुराग साबित हुआ।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला न केवल रिश्तों में विश्वासघात की कहानी है, बल्कि यह भी दिखाता है कि किस तरह योजनाबद्ध तरीके से अपराध को अंजाम दिया गया।