खगड़िया में सरकारी स्कूल की सीढ़ी ढही, मलबे में दबकर 9 साल की बच्ची की मौत; 3 घायल
खगड़िया। जिले के मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित पासवान टोला के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की सीढ़ी अचानक ध्वस्त होने से उसके मलबे में दबकर एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। मृत बच्ची की पहचान 9 वर्षीय रितिका कुमारी के रूप में हुई है। घायल तीनों बच्चों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम धनंजय कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।