सिमराही के एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर भव्य आयोजन

सिमराही। सिमराही नगर पंचायत स्थित प्रतिष्ठित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती सह अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, निदेशिका अल्पना मेहता एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर की।

इस अवसर पर चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हम सभी के लिए महान आदर्श है। विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, उनके आंदोलनों तथा देश की समसामयिक घटनाओं पर प्रकाश डाला। प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने विद्यार्थियों को अपने जीवन में सत्य और अहिंसा को आधार बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर एवं सीनियर स्तर पर इंटर हाउस क्विज प्रतियोगिता में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आंदोलनों एवं योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन के कारण कई बार प्रतियोगिता में टाई की स्थिति बनी।

प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी काव्य प्रतियोगिता हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वरचित कविताओं के साथ-साथ प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं का सस्वर पाठ किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। दोनों स्तरों की इंटर हाउस क्विज प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली तीन टीमों को पदक के साथ ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में रंजीत लामा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया, मनीषा झा, मौली मोदक, जूली मिश्रा, आस्था कुमारी सहित विद्यालय के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *