कोलकाता क्रिसमस पर पार्क स्ट्रीट की अनोखी जगमगाहट
सभी समुदायों के उत्सवों का संगम बनता है , बड़े दिन पर दिखती है खास रौनक

सर्दियों की दस्तक के साथ कोलकाता का क्रिसमस जश्न शुरू हो जाता है। यहां क्रिसमस सिर्फ ईसाई समुदाय का त्यौहार नहीं, बल्कि हर धर्म और वर्ग के लोगों का उत्सव है। “बड़ोदिन” के नाम से प्रसिद्ध क्रिसमस यहां पूरे शहर को जगमगा देता है, और इस दौरान पार्क स्ट्रीट का आकर्षण देखते ही बनता है।

पार्क स्ट्रीट का क्रिसमस उत्सव:
हर साल होने वाले कोलकाता क्रिसमस फेस्टिवल में पार्क स्ट्रीट रंग-बिरंगी रोशनी से सजाई जाती है। सड़क पर जगमगाती लाइट्स, क्रिसमस कैरल, लाइव म्यूजिक, और तरह-तरह के खानपान के स्टॉल लोगों को अपनी ओर खींचते हैं। इस उत्सव का आयोजन पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग, कोलकाता नगर निगम, एपिजे सुरेंद्र ग्रुप और ईसाई समुदाय के सहयोग से किया जाता है।

नाहूम्स की केक का जादू:
कोलकाता का क्रिसमस नाहूम एंड सन्स के बिना अधूरा है। यह सदी पुरानी यहूदी बेकरी अपने खास प्लम केक और फ्रूट केक के लिए जानी जाती है। दिसंबर में यहां के केक लेने के लिए लंबी कतारें लगती हैं। इस दौरान शहर की अन्य बेकरी और रेस्तरां भी विशेष क्रिसमस व्यंजन तैयार करते हैं।

रेस्तरां की रौनक:
पार्क स्ट्रीट पर स्थित पीटर कैट, मोकाम्बो, बार बी क्यू, और ट्रिंकस जैसे प्रसिद्ध रेस्तरां इस मौसम में विशेष व्यंजन और पेय पेश करते हैं। दोस्तों और परिवार के साथ इन जगहों पर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया जा सकता है।

सेंट पॉल कैथेड्रल की मध्य रात्रि प्रार्थना:
सेंट पॉल कैथेड्रल चर्च की मध्य रात्रि प्रार्थना क्रिसमस की सबसे खास परंपराओं में से एक है। 1847 में निर्मित इस चर्च में हर धर्म के लोग प्रार्थना में शामिल होते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होने वाली इस प्रार्थना सभा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है।

शहर का हर कोना क्रिसमस की खुशी में शामिल:
कोलकाता का क्रिसमस फेस्टिवल केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जो हर कोने में जश्न की रोशनी बिखेरता है। चाहे वह पार्क स्ट्रीट की सजावट हो, नाहूम्स की मिठास हो, या चर्च में प्रार्थना—यह शहर हर किसी के लिए कुछ खास लेकर आता है।

By – Nihal Dev Dutta

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *