भारत–लक्जमबर्ग : फिनटेक व एआई सहयोग के लिए नई साझेदारी का मार्ग तैयार

लक्जमबर्ग सिटी,  2026 – भारत और लक्जमबर्ग के बीच द्विपक्षीय सम्बन्धों को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से दोनों देशों ने फिनटेक (FinTech) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। यह बात भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने लक्जमबर्ग के दौरे के दौरान कही।

विदेश मंत्री जयशंकर फ्रांस और लक्जमबर्ग की छह दिवसीय यात्रा पर हैं, जिसमें उन्होंने लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री लुक फ्रीडन और उप प्रधानमंत्री तथा विदेश मंत्री जेवियर बेटल से मुलाकात की। बातचीत में द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक, तकनीकी और नवाचार क्षेत्रों में साझेदारी को और व्यापक बनाने पर चर्चा हुई।

जयशंकर ने कहा कि भारत लक्जमबर्ग को ‘‘बहुत महत्वपूर्ण’’ साझेदार मानता है और दोनों देश वित्तीय प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान, डिजिटल सेवाओं और AI क्षेत्र में मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ भारत के सम्बन्धों के इस महत्त्वपूर्ण दौर में लक्जमबर्ग की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।

इस दौरान जयशंकर ने लक्जमबर्ग के ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से भी भेंट की और भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से शुभकामनाएँ पहुंचाईं। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश और तकनीकी नवाचारों के क्षेत्र में सहयोग को और गति देने पर सहमति व्यक्त की।

विश्लेषकों के अनुसार, यह सहयोग भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीकी क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनायेगा तथा लक्जमबर्ग जैसे छोटे लेकिन विकसित वित्तीय केंद्र के साथ साझेदारी से नई संभावनाएँ खुलेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *