बिहार की महिलाओं से मोदी की अपील :

“आरजेडी को सत्ता में लौटने से रोकें, एनडीए ने दिया सम्मान और सुरक्षा”

पटना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की महिलाओं से आह्वान किया है कि वे राज्य में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और उसके सहयोगियों को फिर से सत्ता में आने से रोकें। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित माहौल दिया है और अब उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।

मोदी ने यह संदेश दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से बिहार की लाखों महिलाओं को संबोधित करते हुए दिया। अवसर था मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के शुभारंभ का, जिसके तहत 75 लाख महिलाओं को आजीविका शुरू करने के लिए 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आरजेडी शासनकाल में महिलाओं ने सबसे ज्यादा कठिनाइयां झेली थीं। उस दौर में न सड़कें थीं, न कानून-व्यवस्था का नामोनिशान। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल था और बाढ़ के समय तो हालात और बिगड़ जाते थे। मोदी ने कहा, “बिहार की बहनों ने उन दिनों अपमान और असुरक्षा का सामना किया। लेकिन आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन है और महिलाएं निडर होकर आगे बढ़ रही हैं।”

मोदी ने घोषणा की कि इस योजना की 75 लाख लाभुक महिलाओं को आगे चलकर 2-2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त राशि और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर सकें। उन्होंने कहा, “जब कोई बहन नौकरी पाती है या खुद का रोजगार शुरू करती है तो उसके सपनों को नए पंख लगते हैं और समाज में उसकी इज्जत और बढ़ जाती है।”

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने घर-घर में धुआं रहित रसोई पहुंचाई, मुफ्त राशन से 8.5 करोड़ लोगों को सहारा मिला और आयुष्मान भारत से गरीब परिवारों को इलाज की सुविधा मिली।

राजनीतिक हलकों में इस योजना और प्रधानमंत्री के संबोधन को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। बिहार में महिला मतदाता एक निर्णायक वर्ग मानी जाती हैं और एनडीए महिलाओं को सशक्त बनाकर उनके भरोसे को और मजबूत करना चाहता है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *