बिहार में NDA की प्रचंड लहर, विकास और सुशासन पर मुहर; पीएम मोदी ने मतदाताओं को दिया धन्यवाद
पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना में गुरुवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने जबरदस्त बढ़त बनाते हुए स्पष्ट बहुमत की ओर कदम बढ़ा दिए। शुरुआती रुझानों से लेकर देर शाम तक NDA 243 में से 205 सीटों पर आगे दिखा, जबकि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती नजर आई। दूसरी ओर महागठबंधन (INDIA bloc) राज्यभर में पीछे छूटता दिखा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रुझानों के सामने आते ही बिहार की जनता को धन्यवाद देते हुए इसे “सुशासन और विकास की जीत” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “बिहार के परिवारजनों ने NDA को ऐतिहासिक जनादेश दिया है। यह जीत जनकल्याण, सामाजिक न्याय और विकास के प्रति जनता के विश्वास की जीत है।”
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में देर शाम प्रधानमंत्री के संबोधन की तैयारियां शुरू हो गईं, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जुटान जारी है।
महागठबंधन लगातार पिछड़ता रहा
गिनती के दौरान लगभग हर क्षेत्र से मिल रहे रुझानों में महागठबंधन पिछड़ता दिखा। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मतगणना केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता हर केंद्र पर मौजूद हैं। कोई अधिकारी 2020 जैसी गलती दोहराने की कोशिश करेगा तो जनता जवाब देगी।”
दो चरणों में संपन्न हुआ मतदान
बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। राज्य के 7.42 करोड़ मतदाताओं में से पहले चरण में 65.08 प्रतिशत और दूसरे चरण में 68.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 64.66 प्रतिशत मतदान के साथ राज्य ने नया रिकॉर्ड बनाया था।
एग्जिट पोल ने पहले ही दे दिया था संकेत
12 नवंबर को आए एग्जिट पोल में ही NDA की बढ़त साफ नजर आ रही थी, जिनमें महागठबंधन की चुनौती कमजोर बताई गई थी।
मतगणना जारी है, और देर शाम तक आधिकारिक परिणामों के साथ NDA की ऐतिहासिक जीत पर औपचारिक मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।