बिहार में पुलिस बल बढ़ाने को लेकर सख्त हुए मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार ने डीजीपी को मंच से दिया निर्देश – “55 हजार बहाली में अब और देरी नहीं चलेगी”

पटना, ब्यूरो।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बापू सभागार में आयोजित पुलिस सिपाही नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान पुलिस बल की बहाली प्रक्रिया को लेकर सख्त तेवर दिखाए। कार्यक्रम में नव चयनित 21 हजार सिपाहियों को नियुक्ति पत्र बांटने के बाद मुख्यमंत्री ने मंच से ही बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को खड़ा कर साफ शब्दों में निर्देश दिया – “55 हजार पदों पर बहाली का जो लक्ष्य तय हुआ था, उसे अब बिना देरी के पूरा करें।”

मुख्यमंत्री ने डीजीपी से हाथ जोड़कर कहा, “आप जल्दी से जल्दी इस काम को पूरा करिए। अगर आप कर देंगे तो हमको बहुत अच्छा लगेगा।” उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में बहाली की प्रक्रिया तेज होनी चाहिए ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

लालू-राबड़ी शासन पर तीखा प्रहार

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान पूर्ववर्ती लालू-राबड़ी शासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में पुलिस बल की स्थिति बेहद खराब थी। “जब हम सत्ता में आए तो देखा कि राज्य में मात्र 42 हजार पुलिसकर्मी हैं, जबकि निर्धारित संख्या 51 हजार थी। हमने आते ही निर्णय लिया कि पुलिस बल की संख्या में वृद्धि की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने 2006 से लगातार पुलिस बल को बढ़ाया और 2013 में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देकर बड़ी पहल की। “आज बिहार पुलिस में जितनी महिलाएं हैं, उतनी किसी भी राज्य की पुलिस में नहीं हैं,” नीतीश कुमार ने दावा किया।

पुलिस बल को 2.29 लाख तक बढ़ाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में पुलिस बल की संख्या 1 लाख 10 हजार तक पहुंच चुकी है, लेकिन उनका लक्ष्य 2 लाख 29 हजार का है। उन्होंने मंच से कहा, “हमने दो साल पहले ही कह दिया था कि हमें इस संख्या तक पहुंचना है। 55 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को अब और विलंबित नहीं किया जा सकता।”

बहाली प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डीजीपी को संबोधित करते हुए कहा, “आप सबको इस महीने ही नियुक्ति पत्र दीजिए, इससे बेहतर कुछ नहीं होगा। लोगों को इंतजार है, आप तेजी से काम करिए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था तभी मजबूत होगी जब पुलिस बल सशक्त और पर्याप्त संख्या में होगा।

कार्यक्रम में डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि आगामी महीनों में बिहार पुलिस में बड़ी संख्या में नई बहालियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


© TWM News 2025. सभी अधिकार सुरक्षित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *