सीआईएसई जोनल टूर्नामेंट में दोबारा तकनीकी रेफरी बने हरिमोहन सिंह
राज्य स्तरीय खेलों के विकास में निभा रहे अहम भूमिका, सरकार से कई बार हो चुके हैं सम्मानित
मुंगेर।
खेल को जन-जन तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को मंच देने की दिशा में काम कर रहे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व खेलप्रेमी हरिमोहन सिंह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मुंगेर जिले के निवासी और जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक हरिमोहन सिंह को सीआईएसई जोनल लेवल खो-खो टूर्नामेंट 2025 में दूसरी बार टेक्निकल रेफरी नियुक्त किया गया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट संत जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, बांकीपुर (पटना) में आयोजित किया जा रहा है।
यह उपलब्धि केवल हरिमोहन सिंह की नहीं, बल्कि पूरे मुंगेर जिले के लिए गर्व का विषय है। वह इस टूर्नामेंट में टेक्निकल रेफरी की जिम्मेदारी दोबारा संभालने वाले पहले बिहारी स्पोर्ट्स प्रमोटर बन गए हैं।
वर्षों से कर रहे हैं खेलों को समर्पित कार्य
हरिमोहन सिंह पिछले एक दशक से भी अधिक समय से खेलों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तराखंड, उड़ीसा, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, हरियाणा समेत कई राज्यों में कोच, टेक्निकल ऑफिसियल, चयनकर्ता और रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं। हाल ही में वे नई दिल्ली में आयोजित खो-खो वर्ल्ड कप 2024 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मैनेजमेंट टीम के हिस्से के रूप में शामिल हुए थे।
खिलाड़ियों के लिए बना प्रेरणा स्रोत
हरिमोहन सिंह ने कहा, “मुंगेर के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मेरी कोशिश रही है कि हर बच्चे को सही प्रशिक्षण और मंच मिल सके।” उनके मार्गदर्शन में अब तक चार दर्जन से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय, राज्य और प्रमंडल स्तर पर पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रोत्साहन दे रही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।
दिव्यांग खिलाड़ियों को भी दी खास जगह
खास बात यह है कि हरिमोहन सिंह केवल सामान्य खिलाड़ियों तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि शारीरिक, मानसिक, मूकबधिर, श्रवणबाधित और दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को भी खेल की मुख्यधारा में लाने के लिए सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से कई दिव्यांग खिलाड़ी खो-खो, टेनीकोइट, थ्रोबॉल, ताईकमांडो, पारा एथलेटिक्स, फुटबॉल, लॉन बाउल्स, तैराकी जैसे खेलों में जिलास्तर से लेकर राष्ट्रीय मंच तक मेडल जीत चुके हैं।
मिला समाजसेवा व खेल सम्मान
हरिमोहन सिंह की समाजसेवा और खेलों में योगदान को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री, कानून मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री सहित राज्य के कई मंत्री और विभागों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
मिला जनसमर्थन और शुभकामनाएं
उनकी इस नई उपलब्धि पर आर्ट-कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, मुंगेर जिला प्रशासन, खो-खो संघ, योगासना संघ, कराटे संघ, हैंडबॉल संघ, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (बिहार-मुंगेर चैप्टर) तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
हरिमोहन सिंह ने इच्छुक खिलाड़ियों से 9123142461 पर संपर्क कर प्रशिक्षण से जुड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि “खेल को बढ़ावा देना ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और यही मेरी सेवा का माध्यम भी।”