तेजस्वी की हुंकार : “हिंदुस्तान किसी के बाप की जागीर नहीं”, वक्फ संशोधन कानून पर गांधी मैदान में गरजे
मोदी-नीतीश पर सीधा वार, तेजस्वी ने मुसलमानों से की एकजुटता की अपील, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को बताया साजिश

पटना, संवाददाता।
राजधानी पटना के गांधी मैदान में रविवार को ‘वक्फ बचाओ – दस्तूर बचाओ’ सम्मेलन के मंच से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। इमारत-ए-शरिया के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल विरोध प्रदर्शन में तेजस्वी ने कहा, “यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, यह हम सबका हिंदुस्तान है। मुसलमानों, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों पर हमला अब बर्दाश्त नहीं होगा।”

वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 को लेकर पूरे बिहार से जुटे मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों के सामने तेजस्वी यादव ने चेताया कि यह कानून न सिर्फ वक्फ संपत्तियों को केंद्र के अधीन लाने का षड्यंत्र है, बल्कि इसके जरिए मुस्लिम समुदाय की स्वायत्तता और धार्मिक स्वतंत्रता को भी कमजोर किया जा रहा है।

वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश : तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को भाजपा-जदयू की एक बड़ी साजिश करार दिया। उन्होंने दावा किया कि इससे लाखों अल्पसंख्यक, दलित और पिछड़े मतदाताओं के नाम लिस्ट से काटे जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि “हर व्यक्ति यह सुनिश्चित करे कि उनका नाम मतदाता सूची में बरकरार रहे। इस बार भाजपा को हराने के लिए एकजुट होना जरूरी है।”

नीतीश पर भी जमकर साधा निशाना

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो नीतीश खुद को मुसलमानों का हितैषी बताते हैं, उन्होंने वक्फ संपत्ति पर नियंत्रण बढ़ाने वाले कानून को समर्थन देकर अल्पसंख्यकों की पीठ में छुरा घोंपा है। रैली में मौजूद लोगों ने “नीतीश-भाजपा मुर्दाबाद” के नारों के साथ सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया।

मुस्लिम समाज में बढ़ती चिंता

सम्मेलन के आयोजकों का कहना है कि वक्फ संशोधन अधिनियम मुस्लिम समुदाय की स्वायत्तता को समाप्त कर धार्मिक संस्थानों को सरकारी हस्तक्षेप में डाल देता है। उनका कहना है कि अधिनियम में बिना मुस्लिम प्रतिनिधियों से परामर्श किए निर्णय लिए जा रहे हैं, जो संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।

रिपोर्ट : TWM न्यूज़, पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *