बिहार में समृद्धि यात्रा का आगाज़, विकास योजनाओं का किया निरीक्षण

पश्चिम चंपारण, 16 जनवरी:
बिहार में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से आज से समृद्धि यात्रा की शुरुआत की गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में विकास की गति को तेज करना और बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है, ताकि आम जनता का जीवन समृद्ध और सहज हो।

यात्रा के प्रथम दिन मुख्यमंत्री ने पश्चिम चंपारण जिले का दौरा किया और विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान 153 करोड़ रुपये की लागत वाली 125 योजनाओं का शिलान्यास और 29 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कुमारबाग स्थित चनपटिया औद्योगिक क्षेत्र का भी दौरा किया और वहां उपस्थित उद्यमियों से चर्चा की। उद्यमियों एवं निवेशकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चनपटिया औद्योगिक क्षेत्र एक सशक्त औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।

इसके अतिरिक्त यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की अधिकारियों के साथ समीक्षा की और कहा कि अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करें।

दिन के अंत में मुख्यमंत्री बेतिया के रमना मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया और जनता के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *