बिहार विधानसभा चुनाव : भाजपा ने उतारे “स्पेशल 45”, हर सीट पर जीत का लक्ष्य
पटना,
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों में पूरी ताक़त झोंक दी है। पार्टी ने राज्य में चुनावी समीकरण को साधने के लिए विशेष रणनीति के तहत 45 वरिष्ठ नेताओं की एक टीम मैदान में उतारी है, जिन्हें “स्पेशल 45” नाम दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। हर एक नेता को औसतन छह विधानसभा क्षेत्रों की देखरेख करनी होगी। यह टीम बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेगी और संगठन को मज़बूत बनाने का काम करेगी।
हाल ही में पटना में हुई उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में “स्पेशल 45” को ज़िम्मेदारियां दी गईं और उन्हें सीधे क्षेत्रों में भेजा गया।
“स्पेशल 45” में मध्य प्रदेश से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद बी.डी. शर्मा और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, उत्तर प्रदेश से सांसद सतीश गौतम व राजकुमार चाहर, राजस्थान से राजेंद्र राठौड़, छत्तीसगढ़ से संतोष पांडे व विजय बघेल, दिल्ली से रमेश बिधुरी और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, गुजरात से देवूसिंह चौहान व मितेश पटेल, हरियाणा से सुनीता दुग्गल, जम्मू-कश्मीर से जुगल किशोर शर्मा, झारखंड से मनीष जायसवाल व कलीचरण सिंह और ओडिशा से सांसद अनंत नायक जैसे दिग्गज शामिल हैं।
भाजपा का मानना है कि विभिन्न राज्यों से आए इन नेताओं का ज़मीनी अनुभव और संगठनात्मक पकड़ बिहार के चुनावी परिदृश्य को बदलने में कारगर साबित होगी। पार्टी ने साफ किया है कि लक्ष्य सिर्फ़ प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि “मिशन बिहार विजय” के तहत हर सीट पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करना है।