CBSE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चेयरमैन और सचिव का तबादला

OSM विवाद के बाद केंद्र सरकार की सख्ती, जांच के लिए समिति गठित

रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC

नई दिल्ली:
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में चल रहे ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) विवाद के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए चेयरमैन और सचिव का तबादला कर दिया है। इस फैसले को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को उनके पदों से हटाया गया है। यह कार्रवाई OSM प्रणाली को लेकर उठे विवाद और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के बाद की गई है।

बताया जा रहा है कि इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन में लागू की गई डिजिटल ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर छात्रों ने कई शिकायतें की थीं। इनमें उत्तर पुस्तिकाओं के धुंधले स्कैन, पेज गायब होने और गलत कॉपियां दिखने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक सदस्यीय जांच समिति का गठन भी किया है, जो OSM प्रणाली की खरीद प्रक्रिया और इसके क्रियान्वयन की विस्तृत जांच करेगी। इस समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिकारी एस. राधा चौहान करेंगी।

सरकार के इस कदम को शिक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों के विश्वास को बहाल करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, नए अधिकारियों की नियुक्ति के जरिए CBSE में प्रशासनिक स्थिरता लाने की भी कोशिश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *