CIA को मैसेज भेजने वाले तीन युवक बक्सर से हिरासत में
बक्सर (बिहार):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर साजिश के दावे ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जिन्होंने कथित तौर पर अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA को मैसेज भेजकर प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने का दावा किया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला डुमरांव अनुमंडल के आशा पड़री गांव का है। सबसे पहले एक युवक को पकड़ा गया, जिसके बाद पूछताछ के आधार पर उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने और हमला कराने का दावा करते हुए इसके बदले पैसे की मांग भी की थी।
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने बताया कि गोपनीय सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप की जांच में साइबर माध्यम से इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने के संकेत मिले हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जिस कमरे से यह गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, उसे भी सील कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी पहले भी विवादों में रह चुका है और वर्ष 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट को हैक करने की धमकी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क व संभावित साजिश की गहराई से जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।