IPL 2026 फाइनल: RCB vs GT में ‘टाइटल की जंग’, कोहली-गिल आमने-सामने
लगातार दूसरी ट्रॉफी के लिए उतरी RCB, गुजरात टाइटंस भी दूसरे खिताब की तलाश में
अहमदाबाद, (अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC):
आईपीएल 2026 का महामुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी जंग जारी है। यह मुकाबला इस सीजन का सबसे बड़ा और बहुप्रतीक्षित मैच माना जा रहा है।
डिफेंडिंग चैंपियन RCB की नजर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने पर है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, गुजरात टाइटंस ने भी दमदार वापसी करते हुए फाइनल में जगह बनाई और अब वह अपना दूसरा आईपीएल खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है।
इस फाइनल की सबसे बड़ी खासियत विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच मुकाबला है, जिसे “नई और पुरानी पीढ़ी की टक्कर” के रूप में देखा जा रहा है। कोहली का अनुभव और फॉर्म RCB के लिए अहम भूमिका निभा सकता है, जबकि गिल की कप्तानी और बल्लेबाजी गुजरात के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।
दोनों टीमों की रणनीति भी अलग-अलग रही है। जहां RCB आक्रामक बल्लेबाजी और तेज शुरुआत के लिए जानी जाती है, वहीं गुजरात टाइटंस संतुलित और अनुशासित खेल पर भरोसा करती है। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ खिलाड़ियों का नहीं, बल्कि दो अलग क्रिकेटिंग सोच का भी टकराव है।
गौरतलब है कि इससे पहले क्वालिफायर-1 में RCB ने गुजरात को करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। वहीं GT इस हार का बदला लेकर ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी।
आईपीएल 2026 का यह फाइनल न सिर्फ खिताब का फैसला करेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि क्या RCB अपना दबदबा कायम रखती है या गुजरात टाइटंस नई कहानी लिखती है।