खगड़िया में गरजे अमित शाह : कहा—तेजस्वी की सरकार बनी तो फिर लौट आएगा जंगलराज, जनता तय करे ‘विकासराज’ या ‘वंशवाद’

खगड़िया/मुंगेर। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को खगड़िया और मुंगेर में एनडीए के समर्थन में गरजते हुए विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। शाह ने महागठबंधन को ‘भ्रष्टाचार और वंशवाद की प्रयोगशाला’ बताते हुए कहा कि अगर बिहार में लालू-तेजस्वी की सरकार बनी तो राज्य फिर से अपहरण, लूट और हत्या के दौर में लौट जाएगा।

खगड़िया शहर के जेएनकेटी इंटर स्कूल मैदान में उमड़ी जनसैलाब को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में शाम होते ही लोग घर से निकलने से डरते थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने जनता से अपील की कि एक बार फिर एनडीए को बहुमत देकर राज्य को स्थिर और सुरक्षित शासन दें।

शाह ने कहा, “बिहार के लोग तय करें कि उन्हें लालू-तेजस्वी का जंगलराज चाहिए या मोदी-नीतीश का विकासराज। अगर गलती से भी महागठबंधन सत्ता में आया तो फिरौती, अपहरण और लूट का धंधा वापस लौट आएगा।” उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार बनी तो बिहार को उद्योग, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।

वहीं, मुंगेर के नौआगढ़ी मैदान में आयोजित एनडीए की विशाल जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस और महागठबंधन पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास न नीति है, न नेतृत्व, न नियत। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लालू परिवार की राजनीति सिर्फ परिवार बचाने की राजनीति है, जबकि मोदी सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के भविष्य के लिए काम कर रही है।

शाह ने कहा कि “लालू यादव के शासन में चारा घोटाला और जमीन के बदले नौकरी जैसी भ्रष्टाचार की घटनाएं हुईं, जबकि मोदी सरकार ने पारदर्शिता और ईमानदारी से शासन चलाया।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर ऐतिहासिक कार्य किया और अब बिहार को भी विकास की नई उड़ान देने की तैयारी है।

उन्होंने मुंगेर को ‘उड़ान योजना’ के तहत एयरपोर्ट से जोड़ने और ‘रामायण सर्किट’ में शामिल करने की घोषणा की। शाह ने बताया कि बिहार में 850 करोड़ की लागत से जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है और कष्टहरणी घाट, सीता चरण तथा सीता कुंड के विकास की योजना पर भी काम चल रहा है।

सभा में उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया। शाह ने छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की जनता एकजुट होकर एनडीए को विजयी बनाए ताकि विकास और सुशासन की सरकार फिर लौट सके।

अमित शाह के इस दौरे को लेकर खगड़िया और मुंगेर दोनों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। मंच पर मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी, मध्यप्रदेश के सांसद और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *