श्री श्याम फागुन एकादशी महोत्सव में गूंजे भजनों के सुर
खगड़िया के राधा-कृष्ण मंदिर में भक्ति रस में डूबे श्याम प्रेमी

खगड़िया। श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण श्री श्याम फागुन एकादशी महोत्सव का आयोजन चाकर श्याम खगड़िया द्वारा भव्य रूप से किया गया। खगड़िया के एसडीओ रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित इस महोत्सव में श्याम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक आशीष शर्मा (भागलपुर) ने अपनी मधुर वाणी से उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान नेहा रोशन तुलस्यान ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर भक्ति के रंग में सराबोर दिखा, जहां “खाटू वाले श्याम की जय” और “श्याम तेरी मोहनी मूरत” जैसे भजनों से वातावरण गूंज उठा।
श्याम भक्तों ने भक्ति में डुबोया माहौल
इस आयोजन में खगड़िया के प्रमुख श्याम भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया और आरती के दौरान पूरा पंडाल दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम में विशाल गोयल, विशाल गोयनका, आशीष मोटानी, अभिषेक टेकड़ीवाल, वैभव जैन, राहुल सुल्तानिया, आकाश अग्रवाल, अंकुश टेकड़ीवाल, नरेंद्र अग्रवाल, राहुल भलोटिया, पीयूष खंडेलिया, सय्यम अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे और आयोजन को भव्यता प्रदान की।
श्याम प्रेमियों ने भजन संध्या के साथ प्रभु के चरणों में अपना प्रेम और भक्ति समर्पित किया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने इसे हर वर्ष और भव्य रूप में आयोजित करने की घोषणा की।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण
