लोकसभा में तीखा टकराव: चुनाव सुधार बहस के बीच राहुल–शाह आमने–सामने
नई दिल्ली,
लोकसभा में बुधवार को चुनाव सुधारों पर हुई चर्चा के दौरान सदन का माहौल उस समय गरम हो गया, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। बहस के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के तर्कों को चुनौती दी, जिससे सदन में कई बार शोर-शराबा बढ़ गया।
चर्चा की शुरुआत करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “किसी भी बहस से भागने वाली पार्टी नहीं है” और सरकार विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में उनके भाषण के क्रम का निर्णय वही तय करेंगे और विपक्ष को उनके बयान के बीच बाधा डालने से बचना चाहिए।
इसी दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बीच में उठे और चुनावों में “वोट चोरी” से जुड़े मुद्दों को सदन में रखने की मांग करते हुए शाह को तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस का जवाब देने की चुनौती दी। राहुल गांधी की इस आपत्ति पर गृहमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि संसद का संचालन परंपराओं और अनुशासन से होता है और वे तीन दशक से अधिक के संसदीय अनुभव के आधार पर अपना वक्तव्य क्रमवार रखेंगे।
शाह ने विपक्ष के आरोपों को “बेतुका” करार देते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के निर्माण और सुधार की जिम्मेदारी केवल चुनाव आयोग की है और यह संविधान के अनुच्छेद 325 व 326 के प्रावधानों के अनुसार काम करता है। किसी भी पात्र मतदाता को सूची से बाहर नहीं रखा जा सकता, यह आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
गृहमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए पूछा, “यदि मतदाता सूची इतनी भ्रष्ट थी, तो विपक्षी सांसदों ने शपथ क्यों ली? चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि पहले ऐसी परंपरा केवल कांग्रेस तक सीमित थी, लेकिन अब “पूरा विपक्ष बिना प्रमाण के संस्थाओं पर सवाल उठाने की आदत डाल चुका है।”
तीखी बहस के बीच सदन में शोरगुल बढ़ता रहा, हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर सभी सदस्यों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। विपक्ष ने सरकार पर चुनाव प्रणाली से जुड़े सवालों पर “सीधी चर्चा से बचने” का आरोप लगाया, जबकि सरकार ने कहा कि “चुनाव सुधारों पर व्यापक और तथ्यों पर आधारित बहस” के लिए वह पूरी तरह तैयार है।