महागठबंधन की शक्ति प्रदर्शन रैली : राहुल गांधी और तेजस्वी यादव 29 अक्टूबर को साझा मंच पर करेंगे चुनावी आगाज़

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ चुका है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव 29 अक्टूबर को एक साथ बिहार में चुनावी शंखनाद करेंगे। यह दोनों नेता मुज़फ्फरपुर और दरभंगा में संयुक्त रैलियों को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि यह महागठबंधन की अब तक की सबसे बड़ी शक्ति प्रदर्शन रैली होगी, जिससे विपक्ष अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

राहुल गांधी इस चुनावी सत्र में पहली बार बिहार की धरती पर उतरेंगे। कांग्रेस और आरजेडी मिलकर एनडीए के खिलाफ सियासी मोर्चा संभालने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। राहुल की यह रैली ऐसे समय में हो रही है जब एनडीए नेताओं ने उन पर बिहार अभियान से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कि बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “त्योहारों का महीना है — दिवाली, भाई दूज और छठ। लेकिन बिहार के प्रवासी मजदूरों के लिए घर लौटना ही अब एक संघर्ष बन गया है। ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, लोग दरवाजों और छतों पर लटके हैं — यही एनडीए की नीतियों की सच्चाई है।”

दूसरी ओर, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की बिहार यात्रा केवल “धोखे की राजनीति” है। उन्होंने कहा, “सबको चुनाव में आना ही है, लेकिन उनका आना क्या फर्क डाल देगा? बिहार के लोग जानते हैं कि वे विकास नहीं, छल करने आ रहे हैं।”

तेजस्वी ने यह भी पूछा कि प्रधानमंत्री ने 11 साल में गुजरात को कितना दिया और बिहार को क्या दिया — “बस हिसाब दिखा दीजिए, बात वहीं खत्म हो जाएगी।”

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को मुज़फ्फरपुर और छपरा में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल-तेजस्वी की यह साझा रैली राज्य में विपक्षी एकता का प्रतीक बन सकती है और एनडीए के खिलाफ महागठबंधन के अभियान में नई ऊर्जा भर सकती है।

— रिपोर्ट : TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *