तेजस्वी यादव का बड़ा चुनावी ऐलान : पंचायती जनप्रतिनिधियों को दोगुना भत्ता, कारीगरों को मिलेगा 5 लाख का ब्याजमुक्त ऋण

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों ने वादों की झड़ी लगा दी है। इसी क्रम में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव ने रविवार को पंचायत प्रतिनिधियों और पारंपरिक कारीगरों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर INDIA गठबंधन सत्ता में आता है, तो बिहार के पंचायती राज प्रतिनिधियों का भत्ता दोगुना किया जाएगा। साथ ही ग्राम कचहरी (ग्राम न्यायालय) के प्रतिनिधियों को पेंशन सुविधा और 50 लाख रुपये का बीमा कवरेज भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “पंचायत प्रतिनिधि लंबे समय से पेंशन और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। हमारी सरकार आने पर उन्हें सम्मान और आर्थिक सुरक्षा दोनों मिलेगी।”

तेजस्वी यादव ने यह भी घोषणा की कि कुम्हार, लोहार, बढ़ई जैसे पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को अपने काम को बढ़ाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के मेहनतकश लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ही असली विकास है।

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के दावेदार मुकेश सहनी भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे। सहनी ने कहा कि यह घोषणा बिहार के ग्रामीण और मेहनतकश तबके के जीवन में नई ऊर्जा भरेगी।

तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “बिहार की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने 20 साल मौका दिया, अब हमें सिर्फ 20 महीने दीजिए — हम बिहार को नंबर वन राज्य बनाएंगे।”

बता दें कि बिहार में दो चरणों में मतदान होना है — पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनावी मुकाबले में एक ओर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला एनडीए है, जिसमें जेडीयू, बीजेपी, एलजेपी (रामविलास), हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी, कांग्रेस, वाम दल और वीआईपी गठबंधन के साथ मैदान में हैं।

– रिपोर्ट : TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *