NEET UG री-एग्जाम से पहले NTA की बड़ी चूक, नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी परीक्षा केंद्र
नई दिल्ली/नागपुर: NEET UG 2026 री-एग्जाम से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक छात्र को परीक्षा के लिए भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी स्थित परीक्षा केंद्र का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया। इस घटना के बाद छात्र और उसके परिवार में चिंता का माहौल बन गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब ने आवेदन के दौरान नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी पसंदीदा परीक्षा शहरों के रूप में चुना था। हालांकि री-एग्जाम के लिए जारी एडमिट कार्ड में उसका परीक्षा केंद्र अबू धाबी इंडियन स्कूल, अबू धाबी दिखाया गया। हैरानी की बात यह है कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है, जिससे विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं था।
मामला सामने आने के बाद NTA ने इसे तकनीकी गड़बड़ी (Technical Glitch) बताया और आश्वासन दिया कि छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। एजेंसी ने कहा कि गलती को ठीक कर दिया गया है और उम्मीदवार को नागपुर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब 21 जून को होने वाले NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर पहले से ही सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर NTA की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी सभी जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से जांचते रहें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत एजेंसी से संपर्क करें।
Anirudh Narayan
Intern TWMNews