नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘मंडल मर्डर्स’ : रहस्य, रीतियों और रक्त की एक उलझी हुई दास्तान
— संवाददाता विशेष,
नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई यशराज फिल्म्स की नई वेब सीरीज ‘मंडल मर्डर्स’ ओटीटी दर्शकों के बीच हलचल मचा रही है। यह वेब सीरीज रहस्य, मनोविज्ञान, पौराणिकता और अपराध की परतों को एक साथ जोड़ने की कोशिश करती है, लेकिन कई बार यह कोशिश कहानी की पकड़ को कमजोर भी कर देती है।
‘मर्दानी 2’ के निर्देशक की नई पेशकश
निर्देशक गोपी पुथरन, जिन्होंने इससे पहले ‘मर्दानी 2’ बनाई थी, इस बार एक काल्पनिक शहर ‘चरंदासपुर’ की रहस्यमयी पृष्ठभूमि में एक ऐसी कहानी लाए हैं जो पचास के दशक से लेकर आज तक की पीढ़ियों के खून से सनी हुई है। कहानी एक रहस्यमयी जंगल ‘वरुणा’, एक गुप्त महिला समूह ‘आयास्थियों’, और एक नव-देवता ‘यस्त’ की रचना के इर्द-गिर्द घूमती है — जिसका उद्देश्य पूरी दुनिया की सत्ता को उलट देना है।
सजीव है सेटअप, पर कहानी बिखरती है
सीरीज की सबसे बड़ी ताकत इसका प्रोडक्शन वैल्यू है। यशराज बैनर के तहत बनी यह सीरीज सिनेमाई दृष्टि से बेहद समृद्ध है। 1952 से 2022 तक के फ्लैशबैक और वर्तमान में चलती कहानी को जोड़ने का प्रयास प्रशंसनीय है, पर स्क्रिप्ट कभी-कभी इतनी जल्दी में दौड़ती है कि दर्शक घटनाओं को समझ ही नहीं पाता।
कलाकारों का अभिनय बना प्रमुख आकर्षण
वाणी कपूर ने मुख्य भूमिका ‘रिया थॉमस’ के रूप में एक गंभीर और भावुक किरदार को निभाया है। ‘गुल्लक’ फेम वैभव राज गुप्ता अपने किरदार में छा गए हैं, वहीं जामील खान और रघुवीर यादव जैसे वरिष्ठ कलाकारों ने सीरीज में गहराई और वजन जोड़ा है।
सुरवीन चावला का किरदार दिलचस्प होते हुए भी सीमित रह गया, जबकि श्रिया पिलगांवकर के हिस्से कहानी में बहुत कम जगह आई। वहीं अदिति पोहनकर और सनी हिंदुजा जैसे कलाकारों की कैमियो उपस्थिति पूरी तरह से बर्बाद लगती है।
इन कमज़ोरियों ने डगमगाई दिशा
- पांचवें एपिसोड के बाद जैसे ही रहस्य उजागर होता है, कहानी की पकड़ ढीली पड़ जाती है।
- बनारसी बोली का प्रयोग बनावटी और असहज लगता है।
- ‘आयास्थियां’ हीरो हैं या विलेन — यह तय नहीं हो पाता।
- पौराणिकता, मनोविज्ञान और अपराध — तीनों को एक साथ पकड़ने की कोशिश भारी पड़ती है।
फिर भी देखी जा सकती है ‘मंडल मर्डर्स’
इन तमाम खामियों के बावजूद सीरीज में इतना आकर्षण है कि दर्शक इसे खत्म किए बिना नहीं रह पाता। यह स्पष्ट रूप से अपने दूसरे सीज़न की नींव भी डालती है।
रेटिंग : ⭐⭐⭐ (3/5)