ऑपरेशन अखल: कुलगाम मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, दो की घेराबंदी जारी
कुलगाम, जम्मू-कश्मीर। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को कुलगाम जिले के अखल वन क्षेत्र में चल रहे विशेष अभियान के तहत एक आतंकी को मार गिराया, जबकि दो अन्य आतंकियों को घेर लिया गया है। मुठभेड़ अब भी जारी है।
यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन अखल’ के तहत की जा रही है, जिसे हाल ही में पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों के इनपुट मिलने के बाद शुरू किया गया था। सेना की चिनार कॉर्प्स के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में बलों ने मोर्चा संभालते हुए एक आतंकी को ढेर कर दिया।
बताया गया कि मारे गए आतंकी का संबंध ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) से है, जो प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा का ही एक धड़ा है। अभियान में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, बचे हुए दो आतंकी श्रीनगर के पास स्थित दाचीगाम नेशनल पार्क क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
यह मुठभेड़ हाल ही में संपन्न ‘ऑपरेशन महादेव’ के बाद हो रही है, जिसमें तीन पाकिस्तानी TRF आतंकियों को मार गिराया गया था। इनमें लश्कर का टॉप कमांडर सुलैमान शाह उर्फ मूसा फौजी भी शामिल था, जिसे पहलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता था। उस कार्रवाई में 17 ग्रेनेड, एक M4 कार्बाइन और दो AK-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।