राहुल के ‘हाइड्रोजन बम’ बयान पर बीजेपी का पलटवार, कहा – जनता का अपमान, राजनीति नहीं
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया ‘हाइड्रोजन बम’ वाले बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि राहुल गांधी का यह बयान न केवल गैर-जिम्मेदाराना है बल्कि मतदाताओं का सीधा अपमान भी है। पार्टी ने उनके तेवर को राजनीति नहीं बल्कि बार-बार की हार से उपजी हताशा और अहंकार बताया।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी की बातों को समझने में समय लगता है। कभी कहते हैं एटम बम, अब कह रहे हैं हाइड्रोजन बम। आखिर चुनाव से इसका क्या संबंध है? यह पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना बयानबाज़ी है।”
प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के निर्णय को ही कटघरे में खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में हुई जीत को धोखाधड़ी बताना मतदाताओं का अपमान है। यह उनका अहंकार है और जनता इस अहंकार को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी
प्रसाद ने राहुल गांधी की हाल ही में संपन्न ‘वोट अधिकार यात्रा’ को भी फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का बिहार विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं होगा। साथ ही उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे राहुल गांधी के पीछे-पीछे चल रहे हैं, जबकि खुद मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं।
बीजेपी नेता ने खास तौर पर इस बात का जिक्र किया कि तेजस्वी की बहन और सांसद मीसा भारती पटना रैली से दूर रहीं, जबकि उनका संसदीय क्षेत्र पटना से जुड़ा हुआ है। इसे उन्होंने राजद परिवार की आंतरिक खींचतान का सबूत बताया।
चुनाव आयोग पर सवालों का जवाब
बीजेपी नेता ने बिहार में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (SIR) प्रक्रिया को सही ठहराते हुए बताया कि इसके तहत 22 लाख मृत मतदाता और आठ लाख डुप्लीकेट नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा, “क्या ये नाम बने रहने चाहिए थे? विपक्ष केवल इसलिए विरोध कर रहा है ताकि बूथ कैप्चरिंग और घुसपैठियों के वोट का रास्ता खुला रहे।”
राहुल के पिछले अभियानों की याद दिलाई
प्रसाद ने याद दिलाया कि राहुल गांधी पहले भी राफेल और पेगासस जैसे मुद्दों पर बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। उन्होंने तंज करते हुए कहा, “राहुल गांधी का पिछला एटम बम तो फुस्स पटाखा भी नहीं निकला, अब वे हाइड्रोजन बम की बात कर रहे हैं।”
बीजेपी नेता ने अंत में कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं, लेकिन देश की जनता बार-बार नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताती रही है और आगे भी जताएगी।